रांची: झारखंड सरकार द्वारा समाहरणालय संवर्ग के लिपिकों की संशोधित नियुक्ति एवं प्रोन्नति नियमावली अधिसूचित किए जाने के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। इस फैसले का स्वागत करते हुए झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी संघ (समाहरणालय संवर्ग), जिला शाखा रांची ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम धन्यवाद ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया।
6 जुलाई की अधिसूचना के बाद कर्मचारियों में खुशी
संघ ने अपने ज्ञापन में कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों को ध्यान में रखते हुए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार ने 6 जुलाई 2026 को अधिसूचना संख्या 4373 जारी कर समाहरणालय संवर्ग के लिपिकों की नियुक्ति एवं प्रोन्नति नियमावली में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। इसके तहत कर्मचारियों के पदनाम में बदलाव करते हुए उन्हें क्रमशः सहायक, वरीय सहायक, सहायक प्रशासनिक पदाधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी ग्रेड-2 और प्रशासनिक पदाधिकारी ग्रेड-1 के रूप में निर्धारित किया गया है।
‘सरकार का यह निर्णय सम्मान और गौरव का प्रतीक’
कर्मचारी संघ ने कहा कि यह निर्णय समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारियों के सम्मान, पहचान और करियर उन्नति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से पूरे संवर्ग में उत्साह का माहौल है।
सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का दिया भरोसा
संघ ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि समाहरणालय संवर्ग के सभी कर्मचारी राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे तथा झारखंड के विकास में अपनी सक्रिय और शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
संयुक्त सचिव और जिला उपाध्यक्ष ने किए हस्ताक्षर
मुख्यमंत्री को भेजे गए धन्यवाद ज्ञापन पर संयुक्त सचिव सचिन कुमार और जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन दुबे के हस्ताक्षर हैं। कर्मचारी संघ ने इस निर्णय के लिए झारखंड सरकार के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए इसे कर्मचारियों के हित में लिया गया महत्वपूर्ण फैसला बताया।


