रांची: झारखंड भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान विधिवत अपना पदभार संभाल लिया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शशांक राज का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बाबूलाल मरांडी बोले- युवाओं की मजबूत आवाज बनेगा भाजयुमो
पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शशांक राज को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में शशांक राज ने युवा मोर्चा के कार्यों और विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भाजयुमो झारखंड के युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगा।
बाबूलाल मरांडी ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और युवाओं के साथ लगातार संवाद स्थापित करने की अपील की। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के विचारों तथा केंद्र सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही।

उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने सड़क, रेल, हवाई संपर्क, आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन, खाद्यान्न और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
कर्मवीर सिंह ने दिया बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संदेश
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी शशांक राज को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा भाजपा का महत्वपूर्ण अग्रिम संगठन है और युवाओं की ऊर्जा को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़कर पार्टी को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजयुमो को केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ लगातार संपर्क और संवाद स्थापित करना चाहिए। गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर युवाओं को संगठन से जोड़ना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।कर्मवीर सिंह ने कहा कि आने वाले समय में झारखंड के प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत करने के लक्ष्य के साथ युवा मोर्चा को सक्रिय किया जाएगा।

शशांक राज बोले- युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाना प्राथमिकता
पदभार संभालने के बाद शशांक राज ने राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को संगठन से जोड़ना, युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाना और पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
शशांक राज ने कहा कि युवा मोर्चा को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने आने वाले समय में झारखंड के 30 हजार बूथों तक युवा मोर्चा को मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाने की बात कही।उन्होंने कहा कि “2029 हमारा लक्ष्य है।” साथ ही उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने सीजीएल, एसएससी, जेपीएससी और उत्पाद से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विषयों को लेकर युवा मोर्चा ने अपनी भूमिका निभाई है।शशांक राज ने कार्यकर्ताओं से पद की अपेक्षा किए बिना संगठन के लिए समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।

मोरहाबादी से निकला स्वागत कारवां
शशांक राज के स्वागत और सम्मान में मोरहाबादी से भव्य कारवां निकाला गया। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए।कारवां मछली घर के समीप पहुंचा, जहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शशांक राज ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद काफिला रातू रोड चौक, किशोरगंज चौक और हरमू चौक होते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचा। रास्ते में कई स्थानों पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र और माला पहनाकर शशांक राज का स्वागत किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव, पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अनंत ओझा सहित कई भाजपा नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।इसके अलावा विनय चौबे, किसलय तिवारी, विनय जायसवाल, भाजयुमो रांची महानगर अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रिंस कुमार, अजात शत्रु, अमन यादव, राहुल चौधरी, अमित साहू, संजीव पटेल, श्रीनिवास, संजय महतो, रणधीर दास, बबलू भगत, भवन बैठा, अमित अग्रवाल, पूजा सिंह, विश्वजीत पाठक, पूनम साव, अजय भारती, कंचन कालिंदी, एकता जायसवाल, धर्मवीर सिंह, तरुण दास और तुषार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


